बंगाल में सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस में किसी से बात नहीं की है : ममता बनर्जी

Ads

बंगाल में सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस में किसी से बात नहीं की है : ममता बनर्जी

  •  
  • Publish Date - January 24, 2024 / 01:10 PM IST,
    Updated On - January 24, 2024 / 01:10 PM IST

कोलकाता, 24 जनवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस में किसी से बात नहीं की है।

उनकी यह टिप्पणियां तब आयी है जब एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम में कहा कि सीटों के बंटवारे पर तृणमूल कांग्रेस के साथ बातचीत चल रही है।

बनर्जी ने पूर्वी बर्द्धमान के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस में किसी से बात नहीं की है।’’

बनर्जी का पूर्वी बर्द्धमान में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने का कार्यक्रम है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को अपने दम पर 300 सीटों पर चुनाव लड़ने दीजिए। क्षेत्रीय दल एकजुट हैं और बाकी सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, हम उनके (कांग्रेस) किसी हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’

टीएमसी, कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 28 विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा हैं।

भाषा गोला नरेश

नरेश