जयपुर, 25 अप्रैल (भाषा) राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है और शनिवार को बाड़मेर में दिन में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विज्ञान केंद्र-जयपुर के अनुसार, राज्य के कई स्थानों पर लू जैसी परिस्थितियां बनी रहीं। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर में 44.5, जोधपुर में 44.4 और कोटा में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
चित्तौड़गढ़ में 44.2 डिग्री सेल्सियस और श्रीगंगानगर में 43.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पिलानी और चूरू दोनों स्थानों पर 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि जयपुर और अलवर में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू की स्थिति बने रहने का अनुमान है।
उत्तर-पश्चिमी इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 26 से 29 अप्रैल के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना भी है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत