तिरुवनंतपुरम, चार फरवरी (भाषा) केरल विधानसभा में बुधवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत सत्तारूढ़ मोर्चे और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच उस वक्त तीखी नोकझोंक देखने को मिली जब विपक्ष ने शबरिमला मंदिर से कथित तौर पर सोने की चोरी के मुद्दे पर सदन की कार्यवाही बाधित की।
प्रश्नकाल शुरू होने से पहले ही विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सदन के ‘वॉच एंड वार्ड’ कर्मचारियों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए यूडीएफ विधायकों के खिलाफ निराधार बयान दिए। उन्होंने इन बयानों को वापस लेने की मांग की।
उन्होंने यह भी दावा किया कि सत्तारूढ़ मोर्चे के विधायकों ने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का अपमान किया।
विपक्षी नेता के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमशीर ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह उस यूडीएफ विधायक का नाम बता सकते हैं, जिसने ‘वॉच एंड वार्ड’ कर्मचारियों पर हमला किया था।
मंत्री एम बी राजेश और पी राजीव ने विपक्ष के नेता पर एक दिन पहले यूडीएफ विधायकों के कृत्यों को सही ठहराने का आरोप लगाया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि केरल के कांग्रेस नेताओं ने ही ऐसी स्थिति पैदा की, जिसमें शबरिमला सोना हेराफेरी मामले के मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी और चोरी का सोना खरीदने के संदिग्ध व्यक्ति को सोनिया गांधी के साथ देखा गया।
मंत्रियों ने कहा कि सतीशन सोनिया गांधी की छवि साफ करने के लिए इस संबंध में स्पष्टीकरण दें।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा। विपक्षी विधायक आसान के निकट आए गए और मुख्यमंत्री तथा पूर्व देवस्वओम मंत्री के सुरेंद्रन के साथ पोट्टी की तस्वीरें लहराने लगे।
प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष के आसन के सामने पोट्टी और सुरेंद्रन की तस्वीरों वाला बैनर भी लहराया तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इसके जवाब में सत्तारूढ़ मोर्चे के विधायकों ने सोनिया गांधी और यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश के साथ पोट्टी की तस्वीरें लहराईं।
इसके बाद विपक्षी विधायकों ने सुबह नौ बजकर 48 मिनट पर सदन से बहिर्गमन किया।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने मंगलवार को भी शबरिमला सोना चोरी के मुद्दे पर सदन की कार्यवाही बाधित की थी और बाद में विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया था।
भाषा खारी शोभना
शोभना