चेन्नई, 30 जून (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक जुलाई से तमिलनाडु के पश्चिमी घाट क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है क्योंकि राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब भी सक्रिय है।
चेन्नई के क्षेत्रीय मौसम केंद्र की ओर से मंगलवार को जारी नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार बुधवार से नीलगिरि, थेनी, डिंडीगुल, इरोड और सेलम जिलों के साथ-साथ कोयंबटूर और तिरुपुर जिलों के घाट क्षेत्रों में कुछ जगहों पर मध्यम बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आईएमडी के आंकड़ों में यह भी बताया गया है कि उत्तरी तटीय तमिलनाडु से कोमोरिन इलाके तक हवा का कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है और इस क्षेत्र का विस्तार समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक है इसलिए इसी दौरान तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, पुडुचेरी और कराईकल इलाके में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो जगहों पर आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
हालांकि, 30 जून से तीन जुलाई के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान कोयंबटूर के चिन्नाकलार में सबसे अधिक नौ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद पुदुक्कोट्टई के वेन्नावलकुडी में इसी दौरान सात सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान तमिलनाडु में मदुरै हवाई अड्डे पर सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि राज्य के पर्वतीय इलाकों में कोडाइकनाल में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि चेन्नई में मंगलवार से शाम या रात के समय गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव