श्रीनगर, आठ अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में स्थित मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग और कुछ अन्य क्षेत्रों में बुधवार को फिर से बर्फबारी हुई, जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल तक मौसम में अनियमितता जारी रहेगी।
उत्तरी कश्मीर के लोकप्रिय स्की-रिसॉर्ट गुलमर्ग, कुपवाड़ा और बांदीपुरा सहित घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को फिर बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर और घाटी के मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार शाम तक ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी, साथ ही कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चलेंगी।
कश्मीर के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों के कुछ क्षेत्रों में बृहस्पतिवार सुबह तक मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
विभाग ने यह भी कहा कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 11 अप्रैल से 16 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा लेकिन दोपहर और शाम के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।
विभाग ने कहा कि थोड़े समय के लिए होने वाली भारी बारिश से कुछ संवेदनशील स्थानों पर अचानक बाढ़/भूस्खलन और कुछ निचले इलाकों में जलजमाव हो सकता है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा