‘मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट’ के माध्यम से 2.65 लाख लोगों तक पहुंची मदद: गुप्ता

Ads

‘मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट’ के माध्यम से 2.65 लाख लोगों तक पहुंची मदद: गुप्ता

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 09:46 PM IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने छह से 23 मई के बीच ‘मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट’ के माध्यम से ढाई लाख से ज्यादा लोगों को राहत प्रदान की है।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सभी 13 जिलों में ‘मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट’ और ‘कूलिंग ज़ोन’ के माध्यम से आम नागरिकों, श्रमिकों, यात्रियों और जरूरतमंद लोगों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल प्रशासन चलाना नहीं, बल्कि हर नागरिक की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। भीषण गर्मी के इस दौर में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ जमीन पर काम कर रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति गर्मी के कारण परेशान न हो।”

उन्होंने बताया कि ‘मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट’ के माध्यम से छह से 23 मई के बीच दिल्ली के सभी 13 जिलों में लगभगद दो लाख 65 हजार लोगों तक राहत पहुंचाई गई तथा इस दौरान लोगों को गर्मी और निर्जलीकरण से बचाने के लिए लगभग एक लाख 13 हजार 900 लीटर पीने का ठंडा पानी वितरित किया गया।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इसके अलावा एक लाख से अधिक ओआरएस पैकेट बांटे गए, ताकि लोगों को लू और शरीर में पानी की कमी से बचाया जा सके, जबकि लोगों को तेज धूप से बचाने के लिए 44 हजार 646 गमछे और 30 हजार 864 कैप भी वितरित किए गए।

उन्होंने बताया, “राजधानी के विभिन्न जिलों में विशेष ‘कूलिंग ज़ोन’ भी स्थापित किए हैं, जहां लोगों को कुछ समय आराम करने और गर्मी से राहत पाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विशेष रूप से आम नागरिकों, रिक्शा चालक, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए इन कूलिंग ज़ोन को तैयार किया गया है। प्रत्येक कूलिंग ज़ोन में 100 कुर्सियों की व्यवस्था है।”

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश