ईटानगर, 10 मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के नामसाई जिले के नोंगटाउ खामती गांव में पुलिस ने एक घर पर छापेमारी कर करीब 1.37 लाख रुपये मूल्य की 26 ग्राम हेरोइन जब्त की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-की विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए नामसाई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सांगे थिनले की देखरेख में उप विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) केंगो दिर्ची, थाना प्रभारी निरीक्षक ए.के. पाण्डेय और अन्य कर्मियों की एक टीम ने नौ मार्च को छापेमारी की।
यह तलाशी गवाहों की उपस्थिति में ली गई। इस दौरान पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के पास मौजूद एक बैग से हेरोइन बरामद की।
एसडीपीओ ने बताया कि स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) प्रक्रियाओं का पालन करते हुए हेरोइन को जब्त कर सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया की ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के जरिए वीडियो भी बनाई गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 21 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव