हिमाचल: भाजपा ने सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस बोली चर्चा से भाग रहा विपक्ष

हिमाचल: भाजपा ने सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस बोली चर्चा से भाग रहा विपक्ष

हिमाचल: भाजपा ने सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस बोली चर्चा से भाग रहा विपक्ष
Modified Date: August 24, 2026 / 07:18 pm IST
Published Date: August 24, 2026 7:18 pm IST

शिमला, 24 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के तीसरे दिन सोमवार को कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने यहां विधानसभा परिसर में अलग-अलग प्रदर्शन किया।

इस दौरान दोनों दलों के विधायकों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा ने पिछले 44 महीनों में कांग्रेस सरकार पर व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस ने विपक्ष पर महंगाई, राम मंदिर चंदा चोरी, प्रश्न पत्र लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा से भागने और सदन की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया।

भाजपा विधायकों ने भ्रष्टाचार के प्रतीक के रूप में एक अटैची प्रदर्शित की। यह प्रदर्शन कांग्रेस सरकार में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती के उस दावे के संदर्भ में था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘तीन अटैचियां दिल्ली और दो मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) भेजी गई थीं।’ इस विवाद के बाद भारती को कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था।

विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया, ‘सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। निविदाओं में हेरफेर किया जा रहा है और कर्मचारियों की भर्ती करने वाली निजी (आउटसोर्स) एजेंसियां, जो ज्यादातर कांग्रेस नेताओं के नाम पर पंजीकृत हैं, कमीशन लेकर नौकरियां दे रही हैं।’

भाजपा द्वारा राष्ट्रगान का अपमान करने के आरोपों को खारिज करते हुए ठाकुर ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराने के उनके अनुरोध को स्वीकार नहीं किया गया।

दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी और ‘चंदा चोरी’ जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा से भागने और कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ दोनों का गायन नियमों के अनुसार ही सदन में किया जाएगा, न कि भाजपा के किसी दबाव में।

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में