हिमाचल प्रदेश : काला-अंब में फैक्टरी में लगी भीषण आग

हिमाचल प्रदेश : काला-अंब में फैक्टरी में लगी भीषण आग

हिमाचल प्रदेश : काला-अंब में फैक्टरी में लगी भीषण आग
Modified Date: July 2, 2026 / 09:13 pm IST
Published Date: July 2, 2026 9:13 pm IST

नाहन (हिमाचल प्रदेश), दो जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के काला-अंब औद्योगिक क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। इस दौरान तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, ‘माइक्रो मोशन’ नामक फैक्टरी के मालिक के अनुसार, आग में करोड़ों रुपये मूल्य का कच्चा माल, मशीनरी और तैयार माल जलकर नष्ट हो गया। दमकल कर्मी देर शाम तक आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया, जिसे दूर-दूर तक देखा जा सकता था। फैक्टरी में रखे रसायनों के ड्रम फटने से तेज धमाके हुए, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

काला-अंब थाना प्रभारी बलवंत कंवर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, क्षेत्र की घेराबंदी की और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए काला-अंब, नाहन और हरियाणा के नारायणगढ़ से दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे।

स्थानीय पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की कई औद्योगिक इकाइयों को बंद कराने के निर्देश दिए, ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके।

पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। प्रशासन नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटा है।

हालांकि, फैक्टरी के कर्मचारियों ने शुरुआती आशंका जताई कि आग ‘शॉर्ट सर्किट’ के कारण लगी।

कर्मचारियों ने बताया कि फैक्टरी में गत्ते के डिब्बे बनाए जाते हैं। आग में फैक्टरी के भीतर रखा तैयार माल, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री और महंगी मशीनरी जलकर नष्ट हो गई।

फैक्टरी के मालिक अनिरुद्ध अग्रवाल ने बताया कि वह अपने कार्यालय में थे, तभी कर्मचारियों ने अचानक उन्हें आग लगने की सूचना दी।

उन्होंने कहा कि शुरुआती अनुमान के अनुसार आग से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।

अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद ने बताया कि दमकल कर्मी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।

समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे।

भाषा राखी शफीक

शफीक


लेखक के बारे में