असम: हिमंत विश्व शर्मा राजग नेता चुने गए, मुख्यमंत्री बनना तय

Ads

असम: हिमंत विश्व शर्मा राजग नेता चुने गए, मुख्यमंत्री बनना तय

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 12:03 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 12:03 PM IST

गुवाहाटी, 10 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने रविवार को ऐलान किया कि हिमंत विश्व शर्मा को असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, जिससे उनके लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

नड्डा ने बताया कि भाजपा के आठ विधायकों ने शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा।

इससे पहले सुबह असम भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें नये नेता का चुनाव किया गया।

बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नड्डा और सह-पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित रहे।

नड्डा ने बताया कि गठबंधन के सहयोगी दलों- असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने भी शर्मा के नाम का समर्थन किया, जिससे वह सर्वसम्मति से राजग विधायक दल के नेता चुन लिये गए।

शर्मा और राजग के अन्य नेता रविवार को बाद में लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात करेंगे और सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।

राजग ने विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। विधानसभा की 126 सीट में से भाजपा ने 82 पर जीत हासिल की, जबकि सहयोगी दलों- अगप और बीपीएफ ने 10-10 सीट जीतीं।

भाषा खारी सुरेश

सुरेश