गुवाहाटी, 19 मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एक अनुभवी जननेता का जाना देश के लिए बड़ी क्षति है।
उन्होंने कहा कि जन कल्याण के लिए खंडूरी के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता का मंगलवार को देहरादून के एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे।
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, “उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, सेवानिवृत्त मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी ने अपने सैन्य और सार्वजनिक जीवन दोनों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया।”
शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और जन कल्याण में खंडूरी के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा, “उनके निधन से देश ने एक अनुभवी जननेता को खो दिया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और इस दुख की घड़ी में उनके परिवार को हिम्मत दें।”
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा