गुवाहाटी, एक जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ राज्य में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और श्रमिकों के लिए कल्याणकारी उपायों में सुधार करने के लिए चर्चा की।
नयी दिल्ली में मांडविया के आधिकारिक आवास पर हुई बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में चर्चा का विवरण साझा किया और भाजपा के ‘सेवा सर्वोपरि’ के मार्गदर्शक सिद्धांत पर प्रकाश डाला।
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर कहा, ‘सेवा सर्वोपरि’ एक ऐसा सिद्धांत है जो भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को एकजुट करता है। मैं माननीय केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया जी का आभारी हूं जिन्होंने आज सुबह अपने जन्मदिन पर असम में खेल ढांचे के विकास और हमारे श्रमजीवियों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने से संबंधित विभिन्न मामलों पर चर्चा करने के लिए अपना समय दिया।’
उन्होंने कहा कि चर्चा का मुख्य केंद्र असम भर में खेल के बुनियादी ढांचे का विस्तार करना और राज्य में श्रमिकों के लिए बेहतर अवसर और कल्याणकारी तंत्र बनाने के तरीकों का पता लगाना था।
शर्मा ने केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मांडविया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और देश में एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में असम के उभरने के प्रयासों के लिए केंद्र से निरंतर समर्थन मांगा।
उन्होंने कहा, ‘मैंने उन्हें इस विशेष दिन पर शुभकामनाएं दीं और उनसे अनुरोध किया कि वे असम को भारत का खेल केंद्र बनाने के हमारे प्रयास में अपना समर्थन जारी रखें।’
असम सरकार ने हाल के वर्षों में खेल अवसंरचना में सक्रिय रूप से निवेश किया है और राज्य को पूर्वोत्तर और देश में एक अग्रणी खेल गंतव्य के रूप में स्थापित करने के अपने व्यापक दृष्टिकोण के हिस्से के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी की है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य सरकार ने इस बात पर जोर दिया है कि खेल सुविधाओं को मजबूत करना, युवा प्रतिभाओं का पोषण करना और बड़े आयोजनों को आकर्षित करना आने वाले वर्षों में असम के विकास एजेंडे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाषा तान्या नरेश
नरेश