मंडी, 20 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले की तीसरी सांस्कृतिक रात को एक कलाकार द्वारा प्रस्तुत कथित ‘फूहड़’ हास्य कार्यक्रम पर कई सामाजिक संगठनों ने शुक्रवार को आपत्ति जताई।
प्रगतिशील विकास मंच (पीडीएफ) के महासचिव अश्वनी सैनी ने आरोप लगाया कि बुधवार को हास्य कलाकार हरवंश अरोड़ा ने कार्यक्रम के दौरान ‘दोहरे अर्थ वाले चुटकुले’ सुनाए। उन्होंने कलाकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए शिवरात्रि मेला समिति के अध्यक्ष और पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।
देवता समिति के सदस्य अधिवक्ता संजय मंड्याल ने कहा कि मेलों के दौरान आयोजित सांस्कृतिक रात्रि कार्यक्रमों में लोग परिवार के साथ शामिल होते हैं और इस तरह की घटनाएं उचित नहीं हैं।
मंडी के मूल निवासी और वर्तमान में अमेरिका में रह रहे भूपेश शर्मा नामक एक अन्य व्यक्ति ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कार्यक्रम को ऑनलाइन देख रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटिया सामग्री और ‘‘अश्लील, दोहरे अर्थ वाले’’ चुटकुले न केवल अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले को बदनाम करते हैं बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को भी कम करते हैं।
उन्होंने ऐसे कलाकारों को कोई पारिश्रमिक नहीं देने और भविष्य के कार्यक्रम के लिए प्रतिबंधित करने के साथ -साथ आपराधिक मामला दर्ज करने की भी मांग की।
इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए मंडी के जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से संपर्क नहीं हो सका।
हालांकि, उनके कार्यालयों के सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में ईमेल के माध्यम से शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश