कोलकाता, 23 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को विपक्षी तृणमूल कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे रोज रैलियां कर सकते हैं, लेकिन राज्य में सत्ता में वापसी नहीं होगी।
राज्य विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार विपक्ष के कार्यक्रमों में किसी तरह की बाधा नहीं डालेगी।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शुभेंदु अधिकारी ने हाल में उनके राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए मांगी गई अनुमति और राज्य प्रशासन द्वारा तय किए गए स्थानों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि तृणमूल प्रमुख ने रानी रश्मोनी एवेन्यू में धरना प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी और पुलिस ने उनसे (मुख्यमंत्री से) इस संबंध में निर्देश मांगे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनसे (पुलिस से) कहा कि उन्हें वाई-चैनल पर अनुमति दी जाए।’’
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास गृह का भी प्रभार है। उन्होंने कहा, ‘‘आप रोज जितनी चाहें रैलियां करें, जितने दिन चाहें धरना दें। मैं 2011 में बदलाव के समय सड़कों पर था और 2026 में भी सड़क पर रहा हूं। मैं जानता हूं कि आप वापसी नहीं कर पाएंगे, अब वह मौका नहीं रहा।’’
शुभेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान विपक्ष के रूप में उनके राजनीतिक कार्यक्रमों में अक्सर बाधाएं डाली गईं और उन्हें रैलियों व बैठकों की अनुमति के लिए अदालत का रुख करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उस दौरान उन्हें विधानसभा से कई बार निलंबित किया गया और उनके खिलाफ 102 मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार के दौरान विपक्षी नेताओं को प्रशासनिक बैठकों में आमंत्रित किया जाता है और राज्य में अभी भी काफी काम बाकी है, जिसे सभी पक्षों को साथ लेकर पूरा किया जाएगा।
भाषा अमित नरेश
नरेश