हैदराबाद, 19 सितंबर (भाषा) हैदराबाद में एक रेलवे स्टेशन के निकट एक महिला पर हमला करने और उसके बाल पकड़कर घसीटने के आरोप में 36 वर्षीय एक होम गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। साइबराबाद के पुलिस आयुक्त एम रमेश ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में एक होमगार्ड एक महिला को उसके बाल पकड़कर कथित तौर पर घसीटते हुए और थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि हाफिजपेट रेलवे स्टेशन पर तैनात इस होमगार्ड को कचरा बीनने वाली एक महिला ने बहस के दौरान कथित तौर पर गालियां दी थीं।
पुलिस ने कहा कि होमगार्ड के खिलाफ मियापुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74 (किसी महिला पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और 118 (खतरनाक हथियारों या साधनों से जानबूझकर चोट या गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दक्षिण मध्य रेलवे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि घटना की जांच की गई और संबंधित कर्मचारी की पहचान तेलंगाना पुलिस के होमगार्ड के तौर पर हुई, जिसे रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए तैनात किया गया था।
रेलवे ने कहा कि जरूरी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उसे तेलंगाना पुलिस विभाग वापस भेज दिया गया।
साइबराबाद पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेती है। उसने दोहराया कि पेशेवर व्यवहार, अनुशासन, गरिमा और हर नागरिक का सम्मान पुलिस प्रणाली के लिए बुनियादी बातें हैं।
भाषा राजकुमार
देवेंद्र
देवेंद्र