दिल्ली में एनडीएमसी के फ्लैट से गिरने के बाद नवविवाहिता की मौत के मामले में पति गिरफ्तार
दिल्ली में एनडीएमसी के फ्लैट से गिरने के बाद नवविवाहिता की मौत के मामले में पति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद 28 वर्षीय नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
महिला के परिजनों ने उसके पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, पुष्प विहार निवासी आकृति शनिवार को पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स के बी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उसने बताया कि आकृति की शादी इसी वर्ष 24 अप्रैल को हुई थी। वह छतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में ‘सेल्स एग्जीक्यूटिव’ के पद पर कार्यरत थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को लोधी कॉलोनी थाने में दहेज मृत्यु से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और महिला के पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि चूंकि महिला की मौत शादी के सात वर्ष के भीतर हुई है, इसलिए कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को भी सूचित कर दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
हालांकि, महिला के परिवार ने आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि कथित तौर पर दहेज के लिए आकृति की हत्या की गई है।
आकृति के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने के लिए इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी के बाद से ही आकृति का पति उससे मारपीट करने लगा और दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा।
परिवार के अनुसार, यह प्रेम विवाह था, जिसे दोनों परिवारों की सहमति प्राप्त थी। उन्होंने कहा कि शादी को महज ढाई महीने हुए थे, इसलिए आकृति की मौत की परिस्थितियां और भी संदिग्ध प्रतीत होती हैं।
भाषा नोमान वैभव खारी
खारी

Facebook


