कुरुक्षेत्र, आठ जुलाई (भाषा) हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक व्यक्ति ने शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मृतका के परिजनों का दावा है कि आरोपी पति इस घटना को दिल का दौरा बताने की कोशिश कर रहा था, लेकिन महिला के शव पर गला घोंटने के निशान मिले हैं।
महिला के परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी में आरोपी के माता-पिता को भी नामजद किया गया है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी गुलाब सिंह फरार है और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कैथल जिले के पुंडरी की रहने वाली नीति (35) की शादी 2013 में लोटनी गांव के गुलाब सिंह से हुई थी। इस दंपति के दो बच्चे हैं।
पीड़िता के चचेरे भाई शिव दयाल द्वारा मंगलवार को दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, गुलाब सिंह शराब का आदी था और अक्सर शराब खरीदने के लिए अपनी पत्नी से पैसे मांगता रहता था।
परिजनों का आरोप है कि इस बात को लेकर दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था और पैसे देने से मना करने पर आरोपी उसके साथ मारपीट करता था।
आरोप है कि सोमवार रात गुलाब सिंह ने फिर से अपनी पत्नी से पैसे मांगे। जब नीति ने मना कर दिया, तो उनके बीच विवाद शुरू हो गया और कथित तौर पर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया गया।
इस्माइलाबाद के थाना प्रभारी (एसएचओ) रामपाल ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
उन्होंने बताया कि दो चिकित्सकों के एक पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया है।
पुलिस ने बताया कि विसरा के नमूने सुरक्षित रख लिए गए हैं और उन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए पंचकूला स्थित फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया है।
भाषा सुमित शफीक
शफीक