द.कोरिया में वैश्विक रोबोटिक्स कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे गोवा के पांच छात्र

Ads

द.कोरिया में वैश्विक रोबोटिक्स कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे गोवा के पांच छात्र

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 08:41 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 08:41 PM IST

पणजी, आठ जुलाई (भाषा) गोवा के पांच स्कूली विद्यार्थियों का चयन अक्टूबर में दक्षिण कोरिया के इंचियोन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय रोबोटिक्स प्रतियोगिता ‘फर्स्ट ग्लोबल चैलेंज 2026’ में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पांच सदस्यों वाली टीम ‘टेक इन्फिनिटी’ ने स्टेम एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित भारतीय यंत्र खेल महोत्सव 2026 में विक्रम साराभाई राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार जीतने के बाद यह सम्मान हासिल किया।

इस टीम में मापुसा स्थित सरस्वत विद्यालय के स्पर्श स्वप्नेश वेर्लेकर, ध्रुव समीर सालगांवकर व सोहम महेश रेडकर, कुजिरा स्थित मुष्टिफंड हाई स्कूल के अवनीश देवेंद्र फड़ते और ओल्ड गोवा स्थित पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल की अनम रजा शामिल हैं।

आयोजकों ने बताया कि सात से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली ‘फर्स्ट ग्लोबल चैलेंज’ प्रतियोगिता में करीब 195 देशों की छात्र टीमें एक साझा वैश्विक चुनौती के आधार पर रोबोट डिजाइन करने, बनाने और प्रोग्राम करने के लिए एकत्र होंगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम ‘इग्नाइटिंग इनोवेशन’ है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण को मजबूती देते हुए आग के खतरे और उसके प्रभाव को कम करने के लिए तकनीक का उपयोग करना है।

आयोजकों के अनुसार, इनमें से कई छात्र सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों और मध्यम वर्गीय परिवारों से आते हैं।

आयोजकों ने बताया कि इन विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, कंप्यूटर एडेड डिजाइन, जावा प्रोग्रामिंग, रणनीति और टीमवर्क में वर्षों के प्रशिक्षण के बाद टीम इंडिया में अपनी जगह बनाई है।

आयोजकों ने बताया, “इन विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, चुनौतियों का सामना किया, उनसे सीखा और पहले से ज्यादा मजबूत होकर वापसी की। इनका चयन उन्हें करीब 195 देशों के प्रतिभागियों के साथ एक वैश्विक मंच पर पहुंचाता है।”

भाषा जितेंद्र माधव

माधव