आईजीआई में गीजरों में छिपाकर रखा गया 5.38 करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त; दो गिरफ्तार

Ads

आईजीआई में गीजरों में छिपाकर रखा गया 5.38 करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त; दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 11:24 AM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 11:24 AM IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने कुआलालंपुर से आने वाले यात्रियों द्वारा लाए गए दो गीजरों के अंदर छिपाकर रखे गए लगभग 5.38 करोड़ रुपये मूल्य के 15.38 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजे को जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

हाइड्रोपोनिक गांजा, गांजे की एक उच्च क्षमता वाली किस्म है जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर सात जून को ग्रीन चैनल पार करने के बाद दोनों यात्रियों को रोका गया।

बयान में कहा गया है कि जांच के दौरान, सीमा शुल्क अधिकारियों ने देखा कि यात्री अपने चेक-इन बैगेज के अलावा दो बिल्कुल नए गीजर भी ले जा रहे थे। इसके बाद आगे की जांच हुई।

इसमें कहा गया है कि यात्रियों से लगातार पूछताछ और उनके मोबाइल फोन की जांच से उपकरणों के बारे में संदेह और गहरा गया।

इसके बाद गीजरों की एक्स-रे जांच की गई, जिससे पता चला कि उनमें भीतर कुछ छिपा हुआ है।

इसके बाद गीजरों की विस्तृत जांच हुई और सीमा शुल्क अधिकारियों ने उपकरणों के अंदर भरे हुए 145 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद किए।

पैकेटों में हरे पत्तेदार पदार्थ पाए गए, जिनके हाइड्रोपोनिक खरपतवार (गांजा) होने का संदेह है।

बयान में कहा गया है, ‘बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 15.38 किलोग्राम पाया गया। जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 5.38 करोड़ रुपये है।’

स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत संदिग्ध मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने और यह सुनिश्चित करने के लिए आगे की जांच जारी है कि क्या आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी के किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा थे।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा