फाल्टा के लिए विशेष पैकेज संबंधी मुख्यमंत्री के वादे पर चुनाव मैदान से हट रहा हूं: जहांगीर खान
फाल्टा के लिए विशेष पैकेज संबंधी मुख्यमंत्री के वादे पर चुनाव मैदान से हट रहा हूं: जहांगीर खान
कोलकाता, 19 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने मंगलवार को घोषणा की कि वह इस क्षेत्र में 21 मई को फिर से होने वाले चुनाव से पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए विशेष पैकेज दिये जाने संबंधी वादे के कारण उन्होंने यह निर्णय लिया।
खान ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने फाल्टा के हित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं फाल्टा का बेटा हूं और मैं चाहता हूं कि यह क्षेत्र शांतिपूर्ण रहे तथा विकसित हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने फाल्टा के विकास के लिए एक विशेष पैकेज की घोषणा की है, इसीलिए मैंने इस निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान प्रक्रिया से दूर रहने का निर्णय लिया है।’’
इससे पहले तृणमूल प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी को खान के फैसले की जानकारी मिल गई है, लेकिन इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दावा किया कि फाल्टा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान को कोई पोलिंग एजेंट नहीं मिल पाया, जिसके कारण वह 21 मई को फिर से होने जा रहे चुनाव से ‘‘भाग गये’’।
दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में 21 मई को फिर से होने जा रहे चुनाव से पहले प्रचार अभियान के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि खान के पास चुनाव से हटने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान हुआ था। बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली के आरोपों के बाद इस विधानसभा क्षेत्र में फिर से चुनाव कराये जाने का आदेश दिया गया है।
भाषा
देवेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


