नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) निर्वाचित सरकार के कामकाज में बाधा डालने के आरोपों के बीच दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने सोमवार को कहा कि वह शहर के लोगों की सिर्फ बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले कुछ महीनों में कई बार उपराज्यपाल पर सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप लगाया है।
सरकार और उपराज्यपाल कार्यालय के बीच समन्वय की कमी के बारे में पूछे जाने पर सक्सेना ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘मैं दिल्ली की बेहतरी के लिए काम कर रहा हूं।’
केजरीवाल ने नवनिर्वाचित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में पीठासीन अधिकारी, एल्डरमैन और हज कमेटी के सदस्यों को उपराज्यपाल द्वारा नामित किये जाने पर सवाल उठाया था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि उपराज्यपाल ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड भेजने के सरकार के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
सक्सेना ने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए उन्हें एक ‘प्रधानाध्यापक’ बताया और कहा कि वह लोगों की ‘सौम्य और कर्तव्यनिष्ठ आवाज’ के रूप में काम कर रहे हैं।
भाषा साजन सुभाष
सुभाष