‘क्रॉस वोटिंग’ में मेरी कोई भूमिका नहीं : बी वाई विजयेन्द्र

Ads

'क्रॉस वोटिंग' में मेरी कोई भूमिका नहीं : बी वाई विजयेन्द्र

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 07:51 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 07:51 PM IST

बेलथांगडी, 26 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेन्द्र ने हाल में हुए राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ से जुड़े आरोपों को शुक्रवार को खारिज कर दिया।

उन्होंने उन दावों को भी निराधार बताया कि कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बी के हरिप्रसाद या मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के साथ उनकी किसी तरह की राजनीतिक या व्यक्तिगत समझ है।

धर्मस्थल स्थित श्री मंजूनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत में विजयेन्द्र ने कहा कि उन्होंने हाल ही में नयी दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी और उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग से लाखों भाजपा कार्यकर्ता आहत हुए हैं और उन्हें भी व्यक्तिगत रूप से इससे दुख पहुंचा है।

धर्मस्थल में सच्चाई सामने लाने संबंधी अपने बयान का जिक्र करते हुए विजयेन्द्र ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें इस मामले में सार्वजनिक रूप से आगे बढ़ने से बचने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी से धोखा करने का मेरा कोई इरादा नहीं है। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आशीर्वाद से प्रदेश अध्यक्ष बना हूं। निचले स्तर की राजनीति करने का सवाल ही नहीं उठता।’’

विजयेन्द्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अलग-अलग नामों की चर्चा कर जानबूझकर भाजपा विधायकों के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि सच्चाई अंततः सामने आएगी और केंद्रीय नेतृत्व पूरे घटनाक्रम से अवगत है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच रिपोर्ट उनके साथ साझा नहीं की गई है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी पूरे कर्नाटक में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करेगी तथा उन्हें विश्वास है कि जनता के समर्थन से कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर किया जाएगा।

उन्होंने राज्य सरकार पर कांग्रेस की गारंटी योजनाओं के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। साथ ही बिदादी में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का विरोध करते हुए कहा कि भाजपा किसानों के साथ खड़ी रहेगी।

भाषा

सं, राजेंद्र रवि कांत