मप्र : स्वयं को पुलिस अधिकारी बता लोगों से क्रिप्टोकरेंसी ऐंठने वाले गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

Ads

मप्र : स्वयं को पुलिस अधिकारी बता लोगों से क्रिप्टोकरेंसी ऐंठने वाले गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 04:01 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 04:01 PM IST

इंदौर (मप्र), 11 जून (भाषा) मध्यप्रदेश में स्वयं को पुलिस अधिकारी बता लोगों से क्रिप्टोकरेंसी ऐंठने वाले गिरोह के एक सदस्य को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया है। इंदौर पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पिछले आठ महीने से फरार था।

उन्होंने बताया कि इस गिरोह ने एक व्यक्ति को वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे 5.12 लाख रुपये मूल्य की क्रिप्टोकरेंसी ऐंठ ली थी।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में नितिन लोधी को सागर से गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि लोधी 12वीं तक पढ़ा है और शेयर बाजार से जुड़ा काम करता है।

डीसीपी ने बताया कि क्रिप्टोकरेंसी ऐंठने के मामले में दीपक तिवारी, नीरज तिवारी और अमन लखिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

त्रिपाठी ने बताया कि स्नेह परमार नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नौ अक्टूबर 2025 की शाम आरोपी खुद को अपराध निरोधक शाखा के अधिकारी बताकर उसके घर में जबरन घुस आए और उसके तथा उसके पिता के साथ मारपीट की।

उन्होंने बताया कि पिता-पुत्र को एक वाहन में बैठाकर लसुड़िया क्षेत्र ले जाया गया और यह कहकर धमकाया गया कि वे वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल हैं और उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा।

त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों ने ‘कानूनी कार्रवाई’ नहीं करने के नाम पर परमार के खाते से 5,773 यूएसडीटी (एक क्रिप्टोकरेंसी) अन्य खातों में स्थानांतरित करा लिए और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।

डीसीपी के मुताबिक इन यूएसडीटी का मूल्य उस समय करीब 5.12 लाख रुपये था।

उन्होंने बताया कि पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कई दिनों से परमार पर नजर रखे हुए थे और उन्हें उसकी क्रिप्टो ट्रेडिंग तथा उससे होने वाले मुनाफे की जानकारी थी।

डीसीपी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा हर्ष मनीषा धीरज

धीरज