अगर हम चुनाव जीते तो शिक्षा विभाग तीन साल में 55,000 लोगों की भर्ती करेगा: असम के मुख्यमंत्री

Ads

अगर हम चुनाव जीते तो शिक्षा विभाग तीन साल में 55,000 लोगों की भर्ती करेगा: असम के मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 07:52 PM IST

गुवाहाटी, 19 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में लौटती है, तो राज्य का शिक्षा विभाग अगले तीन वर्षों में 55,000 लोगों की भर्ती करेगा।

विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में ‘एक लाख नौकरियों के वादे’ के मुकाबले 1.59 लाख लोगों की भर्ती पहले ही कर ली है।

भाजपा ने 2021 के विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान असम में हर साल एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन बाद में स्पष्ट किया कि यह आंकड़ा पूरे पांच साल के कार्यकाल के लिए था।

शर्मा ने कहा, ‘‘चुनाव के बाद जब हमारी अगली सरकार आएगी, तो शिक्षा विभाग अगले तीन वर्षों में 55,000 नौकरियां देने के लिए तुरंत काम शुरू कर देगा। हम फिलहाल अन्य विभागों के लिए भी आकलन कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को अधिकतम संभव सरकारी नौकरियां प्रदान करने हेतु पांच साल का प्रारूप तैयार करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। असम में कुछ महीनों में ही चुनाव होने हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पांच साल में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी 25,000 से अधिक नौकरियां नहीं दीं और उनमें से 10,000 मामले अदालती मुकदमों में फंस गए।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘हमने पिछले पांच वर्षों में 1.59 लाख नौकरियां दीं और मुझे विश्वास है कि चुनाव से पहले शिक्षा विभाग में 5,000 और लोगों की नियुक्ति हो जाएगी। इस तरह मेरे कार्यकाल में लगभग 1.65 लाख नौकरियां दी जाएंगी।’’

उन्होंने दावा किया कि इतने सारे लोगों को सरकारी नौकरियां मिलने के बावजूद, भर्ती प्रक्रिया को चुनौती देने या भ्रष्टाचार के आरोप का एक भी मामला दर्ज नहीं किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उच्चतम स्तर था। विपक्षी नेताओं ने जो कहा, जनता ने उससे बिल्कुल अलग तस्वीर पेश की। जब तक व्यवस्था साफ नहीं होगी, भ्रष्टाचार खत्म नहीं हो सकता। हमने व्यवस्था को साफ कर दिया है।’’

असम से कार्यबल के पलायन के बारे में बात करते हुए शर्मा ने कहा कि अगर अगले 20 वर्षों में 20 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया जा सके, तो यहां पर्याप्त रोजगार सृजित होंगे और ‘‘किसी को भी रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा सेमीकंडक्टर संयंत्र ने असम को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित कर दिया है। 28 फरवरी को लगभग 20 जापानी कंपनियां निवेश के अवसरों की संभावना तलाशने के लिए असम का दौरा करेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘अदाणी, अंबानी, हिंदुजा, टाटा, जिंदल रोजगार सृजित करते हैं। अगर हम इन रोजगार सृजित करने वालों को राज्य से बाहर कर देते हैं, तो हमारे युवा असम से बाहर जाते रहेंगे।’’

भाषा संतोष खारी

खारी