आईआईएम-काशीपुर के देहरादून परिसर का हुआ भूमिपूजन, जल्द शुरू होंगी कक्षाएं

Ads

आईआईएम-काशीपुर के देहरादून परिसर का हुआ भूमिपूजन, जल्द शुरू होंगी कक्षाएं

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 09:48 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 09:48 PM IST

देहरादून, 23 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम)-काशीपुर के देहरादून परिसर का भूमिपूजन किया।

सुद्धोवाला में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में बर्द्धन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उच्च स्तरीय शिक्षण संस्थानों की उपलब्धता से उन्हें अपनी क्षमताओं को विकसित करने तथा नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर आईआईएम-काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी भी मौजूद रहे।

आईआईएम-काशीपुर की स्थापना को 15 वर्ष पूरे हो चुके हैं। देहरादून में पांच एकड़ भूमि पर इस परिसर का निर्माण किया जाएगा। इसे जल्द शुरू करने के लिए शुरुआती चरण में पूर्वनिर्मित (प्रीफैब्रिकेटेड) सुविधा विकसित की जाएगी, जिसमें आधुनिक कक्षाएं और कार्यालय शामिल होंगे।

आईआईएम की शैक्षणिक एवं संस्थागत आवश्यकताओं के अनुरूप परिसर का चरणबद्ध तरीके से विकास किया जाएगा।

भाषा

दीप्ति रवि कांत