गिरिडीह, 12 जुलाई (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में आबकारी विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी करके अवैध शराब बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया और 350 पेटी नकली विदेशी शराब और 4,000 लीटर अपरिष्कृत अल्कोहल जब्त की। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
छापेमारी शनिवार देर रात बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की और अवैध रूप से संचालित छोटी शराब फैक्टरी का पता लगाया।
गिरिडीह के आबकारी अधीक्षक शिव कुमार साहू ने पत्रकारों से कहा, “छापेमारी के दौरान 350 पेटी नकली विदेशी शराब, 4,000 लीटर अपरिष्कृत अल्कोहल, बोतलों के 25,000 ढक्कन, अलग-अलग ब्रांड के 55 नकली लेबल रोल, 20 नकली होलोग्राम रोल, 60 बोरियों में रखी सैकड़ों कांच की बोतलें और 1,000 गत्ते के डिब्बे जब्त किए गए।”
उन्होंने बताया कि नकली शराब से भरी एक पिकअप वैन और एक कार भी जब्त की गई है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप