गुरुग्राम के अस्पताल में अवैध लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़

Ads

गुरुग्राम के अस्पताल में अवैध लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 03:39 PM IST

गुरुग्राम, 21 मई (भाषा) हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यहां खांडसा रोड स्थित आयु अस्पताल में एक कथित लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल के एक अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ (रेडियोलॉजिस्ट) को कथित तौर पर रंगे हाथों पकड़ा गया और अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सेक्टर 37 थाने में रेडियोलॉजिस्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, गुरुग्राम के सिविल सर्जन द्वारा गठित एक दल ने गोपनीय शिकायत के आधार पर बुधवार को आयु अस्पताल पर छापा मारा। इस दल में डॉ. सुरेश कुमार (औषधि नियंत्रण अधिकारी, गुरुग्राम-2), डॉ. देवेंद्र कुमार सोलंकी (गर्भाधान पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक नोडल अधिकारी, गुरुग्राम) और डॉ. हरीश कुमार (चिकित्सा अधिकारी और एमटीपी नोडल अधिकारी, गुरुग्राम) शामिल थे।

स्वास्थ्य विभाग के दल ने जाल बिछाते हुए एक फर्जी मरीज के रूप में 17 सप्ताह की गर्भवती महिला को 40,000 रुपये के रसायन लेपित नोटों के साथ अस्पताल भेजा।

आरोप है कि अस्पताल के सलाहकार रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मनजीत कुमार ने यह रकम ली, महिला का अल्ट्रासाउंड किया और भ्रूण के लिंग की जानकारी देते हुए बताया कि गर्भ में लड़का है।

फर्जी मरीज द्वारा दल को संकेत दिए जाने के बाद अधिकारियों ने छापा मारा और डॉ. कुमार की अलमारी से कथित तौर पर उक्त 40,000 रुपये बरामद किये। इसके बाद अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मनजीत कुमार के खिलाफ गर्भाधान पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग जांच प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।’’

भाषा सुमित सुभाष

सुभाष