हरिद्वार में अतिक्रमण कर बनायी गयी अवैध मजार ध्वस्त
हरिद्वार में अतिक्रमण कर बनायी गयी अवैध मजार ध्वस्त
हरिद्वार, 22 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत बुधवार को हरिद्वार जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बनायी गयी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि गढ़मीरपुर क्षेत्र के सुमन नगर इलाके में सिंचाई विभाग की भूमि पर कब्जा कर यह अवैध मजार बनायी गयी थी। सुबह अवैध मजार के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन के अनुसार, करीब एक माह पहले संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर भूमि और निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समयसीमा में कोई संतोषजनक प्रमाण न मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी।
हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के अनुसार, मजार को ध्वस्त किए जाने से पहले परिसर को खाली करा लिया गया था। उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पूर्व संबंधित पक्ष ने स्वयं ही अपने जरूरी सामान हटा लिए, जिससे मौके पर किसी तरह का विवाद या तनाव उत्पन्न नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण को हटाए जाने के दौरान मजार के नीचे किसी प्रकार के धार्मिक अवशेष या ऐतिहासिक साक्ष्य नहीं मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह निर्माण हाल ही में किया गया था।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाषा सं दीप्ति धीरज
धीरज

Facebook


