तिरुपति (आंध्र प्रदेश), दो जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को तिरुपति जिले में वीबी जी राम जी योजना की औपचारिक रुप से शुरुआत की ।
विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 बुधवार से पूरे देश में लागू हो गया। केंद्र सरकार के अनुसार, इस कानून के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के गारंटीकृत मजदूरी आधारित रोजगार का वैधानिक अधिकार मिलेगा।
एक सरकारी बयान में कहा गया है, ‘‘मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेलवे कोडूरु विधानसभा क्षेत्र के ओबुलावरिपल्ले मंडल के मुक्कावरिपल्ले गांव में वीबी जी-राम-जी कार्यक्रम की शुरुआत की।’’
इस अवसर पर नायडू, चौहान एवं पवन कल्याण ने लाभार्थियों को वीबी जी-राम-जी कार्ड वितरित किए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी वाली सूचना पुस्तिका का भी विमोचन किया।
बाद में मुख्यमंत्री नायडू और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीबी जी-राम-जी पोर्टल की भी शुरुआत की ।
भाषा रंजन नरेश
नरेश