कोच्चि, दो जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीएमआरएल और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी के स्वामित्व वाली एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के बीच कथित वित्तीय लेनदेन की धनशोधन जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को सीएमआरएल के कार्यकारी निदेशक अनिल आनंद पणिक्कर से पूछताछ की।
अधिकारियों ने बताया कि पणिक्कर सुबह करीब साढ़े दस बजे यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय में पेश हुए।
अधिकारियों ने कहा कि यह दूसरी बार है जब एजेंसी ने पणिक्कर से पूछताछ की है, जो कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के संस्थापक शशिधरन कार्था के दामाद हैं।
ईडी पहले ही मामले के संबंध में सीएमआरएल के निदेशकों के साथ-साथ वीणा से भी दो बार पूछताछ कर चुकी है।
जांच इस आरोप से संबंधित है कि सीएमआरएल ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को उससे कोई सेवाएं लिए बिना 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया।
एजेंसी के अनुसार, कार्था द्वारा संचालित एम्पॉवर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड (ईआईसीपीएल) ने एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण भी दिया था, जबकि कंपनी कथित तौर पर समय पर राशि चुकाने में विफल रही थी।
ईडी ने आरोप लगाया है कि सीएमआरएल और वीणा के प्रबंधन ने इन लेनदेन के माध्यम से ‘अपराध से अर्जित आय’ प्राप्त की।
एजेंसी ने अप्रैल 2025 में एर्नाकुलम की एक अदालत के समक्ष गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) द्वारा दायर अभियोजन शिकायत के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया था।
कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय की जांच शाखा एसएफआईओ ने आयकर विभाग के निष्कर्षों के बाद सीएमआरएल के मामलों में अपनी जांच शुरू की।
जनवरी 2019 में आयकर विभाग की छापेमारी के बाद सीएमआरएल केंद्रीय एजेंसियों की जांच के दायरे में आ गया, जिसमें कथित तौर पर लगभग 130 करोड़ रुपये के संदिग्ध काल्पनिक व्यय सहित अनियमितताएं पाई गईं।
भाषा वैभव नरेश
नरेश