देहरादून में सॉफ्टवेयर इंजीनियर से लूटपाट के बाद पुल से नीचे फेंका, हालत गंभीर
देहरादून में सॉफ्टवेयर इंजीनियर से लूटपाट के बाद पुल से नीचे फेंका, हालत गंभीर
देहरादून, नौ मई (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में एक आईटी कंपनी में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ कथित तौर पर दो बदमाशों ने मारपीट और लूटपाट करने के बाद उसे पुल से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार पीड़ित 23 वर्षीय आकाश कुमार के पिता विनोद कुमार ने मामले में लिखित शिकायत दी है।
तहरीर के मुताबिक यह घटना बृहस्पतिवार देर रात करीब 2:15 बजे की है। आकाश अपनी रात्रि पाली समाप्त होने के बाद घर जाने के लिए सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर रैपिडो बाइक का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाश उसे जबरन अपने साथ प्रेमनगर क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर के पास जामुनवाला पुल पर ले गए। वहां उन्होंने आकाश के साथ मारपीट की, उसके दो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद लूट लिए तथा उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
दून अस्पताल में भर्ती आकाश के पिता ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने लूटपाट के बाद उसे पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। उन्होंने बताया कि आकाश कई घंटों तक दर्द से तड़पता हुआ वहीं पड़ा रहा। सुबह वहां से गुजर रहे एक पुजारी की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने पास में रहने वाले कुछ सैन्यकर्मियों को बुलाया और उनकी मदद से उसे ऊपर लाया गया।
नगर निगम में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत विनोद कुमार ने बताया कि घटना में आकाश की रीढ़ की हड्डी भी टूट गई है। चिकित्सकों ने शनिवार को उसका ऑपरेशन किया।
देहरादून नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
मुयाल ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
दीप्ति रवि कांत

Facebook


