जम्मू कश्मीर में उपराज्यपाल ने बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया

Ads

जम्मू कश्मीर में उपराज्यपाल ने बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 05:17 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 05:17 PM IST

जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को जम्मू कश्मीर में भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और रिहायशी मकानों को हुए नुकसान का आकलन करें और साथ ही जरूरी सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करना सुनिश्चित करें।

उपराज्यपाल ने डोडा जिले में बारिश से जुड़ी घटनाओं में दो लोगों की मौत पर दुख जताया।

सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘मैंने आज वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के प्रभाव का आकलन किया। डोडा में दो लोगों की मौत से मुझे गहरा दुख पहुंचा है और मेरी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं।’

उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), जम्मू कश्मीर पुलिस और सेना समेत आपात प्रतिक्रिया दलों को तैनात किया गया है और वे पूरी तरह सतर्क हैं।

उपराज्यपाल के अनुसार, पुंछ, राजौरी, रियासी और उधमपुर जिलों में कई प्रमुख सड़कों को फिर से खोल दिया गया है, जबकि प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा, ‘क्षेत्रीय टीमों को मकानों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का तत्काल मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं।’

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू में सोमवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार और लोगों की मौत हो गई, जिससे पिछले दो दिनों में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ प्रभावित पुंछ और राजौरी जिलों में बचाव एवं राहत अभियान प्रभावित हो रहे हैं तथा कम से कम सात लोग अब भी लापता हैं।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश