नोएडा में श्रमिक संगठनों ने जगह-जगह जुलूस निकाल कर किया प्रदर्शन

Ads

नोएडा में श्रमिक संगठनों ने जगह-जगह जुलूस निकाल कर किया प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - November 26, 2020 / 10:31 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:26 PM IST

नोएडा,26नवंबर (भाषा) केन्द्र सरकार की कथित श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां श्रमिक संगठनों ने जगह-जगह जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया।

सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा के नेतृत्व में श्रमिक संगठन के नेता एवं श्रमिक सुबह सेक्टर-9 और 10 के बांस बल्ली बाजार में एकत्रित हुए। श्रमिकों ने यहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और श्रम कानूनों में बदलाव की मांग की। प्रदर्शन के पश्चात श्रमिकों की टोली ने विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में घूम-घूमकर श्रमिकों से हड़ताल में शामिल होने की अपील की।

हिंद मजदूर सभा के महासचिव आरपी सिंह चौहान के नेतृत्व में श्रमिक सेक्टर-5 स्थित एचएमएस कार्यालय पर एकत्रित हुए। इसके पश्चात उन्होंने सेक्टर-2, 3, 4, 5, 9 व 10 के औद्योगिक क्षेत्रों में घूम-घूमकर श्रमिकों को सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में जानकारी दी और हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया।

श्रमिक संगठनों की हड़ताल को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी खासा चौकन्ना दिखाई दिया और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहे।

हड़ताल के मद्देनजर नोएडा के विभिन्न फैक्टरियों के मालिकों के संगठन भी सुबह से ही सक्रिय दिखाई दिए। संगठनों के पदाधिकारियों ने विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में घूम-घूमकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस प्रशासन के इंतजामों पर संतोष व्यक्त किया।

एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र नाहटा ने बताया कि हड़ताल के मद्देनजर टीमें बनाई गई हैं और टीम के सभी सदस्यों ने अलग-अलग सेक्टरों में जाकर हड़ताल का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि सभी फैक्ट्री मालिकों से अपील की गई कि अगर कोई श्रमिक हड़ताल में शामिल होना चाहता है तो उसे जबरन ना रोका जाए। उन्होंने बताया कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा शहर की अधिकतर औद्योगिक इकाइयां सुचारु रुप से चल रही हैं।

उन्होंने कहा कि नोएडा में श्रमिक संगठनों की हड़ताल का कोई खास असर नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।

नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (एनईए) के अध्यक्ष विपिन मल्हन ने बताया कि हड़ताल के मद्देनजर सेक्टर-6 स्थित एनईए कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। मल्हन ने जिला प्रशासन, पुलिस व श्रम विभाग द्वारा की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।

भाषा सं

शोभना

शोभना