तमिलनाडु में तूतीकोरिन तट के पास एक नौका पलटी, सात मछुआरों को बचाया गया
तमिलनाडु में तूतीकोरिन तट के पास एक नौका पलटी, सात मछुआरों को बचाया गया
तूतीकोरिन (तमिलनाडु), दो अगस्त (भाषा) तमिलनाडु के तूतीकोरिन तट के पास रविवार को तेज हवाओं के कारण एक नौका के पलटने से उस पर सवार सात मछुआरे समुद्र में कूद गए, जिसके बाद एक अन्य नौका पर सवार मछुआरों ने उन्हें सुरक्षित बचा लिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि नौका समुद्र में डूब गई, लेकिन चालक दल के सभी सदस्य पानी में कूद गए और पास से गुजर रही मछली पकड़ने की एक अन्य नौका को पकड़ लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
उन्होंने बताया कि डूबी हुई नौका तूतीकोरिन के पास थरुवैकुलम गांव के सुगिर्थन की थी। यह नौका दो दिन पहले सात मछुआरों को लेकर समुद्र में गई थी। इस गांव के अधिकांश लोग मुख्य रूप से मछली पकड़ने का काम करते हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब मछुआरे पुन्नाकयाल और तिरुचेंदूर के बीच समुद्र में जाल डाल रहे थे, तभी अचानक तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे नौका का संतुलन बिगड़ गया।
उन्होंने बताया कि नौका को डूबता देख सुगिर्थन और चालक दल के छह अन्य सदस्य समुद्र में कूद गए।
‘पीटीआई वीडियो’ के अनुसार, पास में काम कर रही एक मशीनीकृत नौका पर सवार मछुआरों ने उन्हें देखा और सातों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मत्स्य विभाग और तटीय सुरक्षा समूह (सीएसजी) पुलिस के अधिकारियों ने इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष

Facebook


