नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि झारखंड में राज्यसभा सीट के लिए हुए चुनाव का नतीजा यह दर्शाता है कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों ने राहुल गांधी के नेतृत्व को अस्वीकार कर दिया है।
केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी ने गांधी को ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए एक ‘‘बोझ’’ बताया।
झारखंड में बृहस्पतिवार को राज्यसभा की दो सीट के लिए हुए चुनाव में एक सीट पर ‘क्रॉस-वोटिंग’ के बीच राजग समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हरा दिया।
दूसरी सीट से सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम निर्वाचित हुए।
नाथवानी को 28 वोट मिले, जिसके बाद उन्हें विजेता घोषित किया गया। झा को 20 वोट हासिल हुए।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन आंतरिक कलह से ग्रस्त है।
पूनावाला ने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘यह राहुल गांधी के लिए एक बड़ा झटका है। यह ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए भी नुकसान है और कांग्रेस के लिए भी नुकसान है। यह दिखाता है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के एक उपयुक्त उम्मीदवार नहीं हैं। वह ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए एक ‘बोझ’ हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक बार फिर, ‘इंडिया’ गठबंधन बिखराव की स्थिति में है और आंतरिक कलह के कारण जीत के करीब आकर भी हार को गले लगाने की असाधारण क्षमता दिखा रहा है।’’
पूनावाला ने दावा किया कि झारखंड में दोनों राज्यसभा सीट ‘इंडिया’ गठबंधन को मिलनी चाहिए थीं, लेकिन गठबंधन में दरार के कारण ऐसा नहीं हो सका।
उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि झारखंड में दोनों सीट ‘इंडिया’ गठबंधन को मिलनी चाहिए थीं। जहां झामुमो ने अपनी सीट जीत ली, वहीं कांग्रेस हार गई क्योंकि झामुमो, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वाम दलों ने कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ बगावत कर दी।’’
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि दूसरी सीट पर हार यह दर्शाती है कि गांधी के नेतृत्व को न तो मतदाता स्वीकार कर रहे हैं और न ही उनके सहयोगी।
पूनावाला ने कहा, ‘‘उन्होंने 99 चुनाव हारे हैं। हमने कांग्रेस के भीतर उनके खिलाफ असंतोष की आवाजें देखी हैं। यहां तक कि उनके वफादार भी उनका साथ छोड़ रहे हैं।’’
हाल में हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की एक बैठक का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी की कई सहयोगी पार्टियों ने आलोचना की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हाल में हमने देखा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में क्या हुआ। कांग्रेस के बाद सबसे बड़ी (विपक्षी) पार्टी समाजवादी पार्टी ने राहुल गांधी पर तंज कसा। दूसरी सबसे बड़ी पार्टी, ‘मूल’ तृणमूल कांग्रेस भी अलग हो गई है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘तीसरी सबसे बड़ी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने राहुल गांधी की आलोचना की है। आम आदमी पार्टी ने कहा कि वह राहुल गांधी के नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर सकती। वामदल ने कहा कि राहुल गांधी अपरिपक्व हैं।’’
पूनावाला ने कहा, ‘‘आज ‘इंडी’ गठबंधन के सहयोगी खुद ही राहुल गांधी को उनकी जगह दिखा रहे हैं।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव