भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन अब गुवाहाटी की बजाय नयी दिल्ली में होगा

Ads

भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन अब गुवाहाटी की बजाय नयी दिल्ली में होगा

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 07:21 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 07:21 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) असम में भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित करने की योजना को जापान की प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम और व्यावहारिक कारणों से स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी मामले से जुड़े लोगों ने मंगलवार को दी।

इन लोगों ने बताया कि अब यह शिखर सम्मेलन नयी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची एक से तीन जुलाई के बीच भारत का दौरा करेंगी, जो उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की पहली यात्रा होगी।

भारतीय पक्ष ने पहले इस शिखर सम्मेलन को गुवाहाटी में आयोजित करने की तैयारी की थी, ताकि जापान के पूर्वोत्तर क्षेत्र के साथ बढ़ते जुड़ाव को और मजबूत किया जा सके।

मामले के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि हालांकि, जापान की प्रधानमंत्री के घरेलू कार्यक्रमों, विशेष रूप से संसद सत्र और भारत यात्रा की सीमित अवधि को देखते हुए कार्यक्रम के लिए उपलब्ध समय काफी कम है। उन्होंने बताया कि इसी कारण तथा दिल्ली से बाहर आयोजन से जुड़ी अतिरिक्त व्यावहारिक चुनौतियों को देखते हुए अब सम्मेलन को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय दोनों पक्षों के उन कार्यक्रमों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिनका उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करना है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में तत्कालीन जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच प्रस्तावित गुवाहाटी शिखर सम्मेलन नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुए व्यापक विरोध प्रदर्शनों के कारण रद्द करना पड़ा था।

पिछले वर्ष प्रधानमंत्री मोदी जापान की यात्रा पर गए थे, जहां दोनों देशों ने 10 ट्रिलियन येन (लगभग 60,000 करोड़ रुपये) के निवेश लक्ष्य सहित कई महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति जताई थी।

दोनों पक्षों ने कई बड़े समझौतों को भी अंतिम रूप दिया, जिनमें रक्षा संबंधों के लिए एक रूपरेखा और आर्थिक साझेदारी को बढ़ाने के लिए 10 साल का रोडमैप शामिल है।

भाषा अमित नरेश

नरेश