नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) भारत ने अफगानिस्तान में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमले की सोमवार को कड़ी निंदा की तथा इसे ‘‘आक्रामकता का खुला कृत्य’’ और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए ‘‘सीधा ख़तरा’’ बताया।
इस हमले में कई आम नागरिक मारे गए हैं।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में यह भी कहा, ‘‘यह पाकिस्तान के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लगातार जारी रहने और अपनी सीमाओं के बाहर हिंसा की हताशापूर्ण हरकतों के ज़रिए अपनी अंदरूनी नाकामियों को बाहरी कारणों से जोड़ने की उसकी बेकार कोशिश को दिखाता है।’’
पाकिस्तान ने सोमवार को कहा कि उसके सुरक्षाबलों ने अफ़गान सीमा के पास 29 चरमपंथियों को मार गिराया।
इस बीच, तनाव बढ़ने के कारण पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने एक-दूसरे के राजनयिक प्रतिनिधियों को बुलाकर विरोध दर्ज कराया।
अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में आरोप लगाया गया कि रिहायशी इलाकों में पाकिस्तान के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 36 आम नागरिकों की मौत हो गई और 163 अन्य घायल हो गए।
इसने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवीय सिद्धांतों और अफ़गानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया।
पाकिस्तान ने अफ़गानिस्तान के इन आरोपों पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ‘‘भारत अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत कई आम नागरिकों की जान गई है। पाकिस्तान की यह खुली आक्रामकता अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता पर हमला है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए सीधा ख़तरा है।’’
मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत उन अफ़ग़ान परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। वह अफगानिस्तान की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अटूट समर्थन दोहराता है।’’
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल