गुरुग्राम, 29 जून (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-102 स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी में सोमवार को बालकनी से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक गिरने से सात वर्षीय एक बालक घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घायल बच्चे को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर और रखरखाव एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। निवासियों का कहना था कि रखरखाव शुल्क देने के बावजूद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरी मंजिल के एक फ्लैट की बालकनी से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। यह मलबा इमारत के भूतल पर रहने वाले निकुंज (7) पर आ गिरा। घटना के समय वह बाहर खेल रहा था।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल