कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने बंगाल के नेताओं से जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को कहा

Ads

कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने बंगाल के नेताओं से जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को कहा

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 01:13 AM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 01:13 AM IST

कोलकाता, 29 जून (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सी. वेणुगोपाल ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लिया और राज्य के नेताओं से कहा कि वे आगामी विधानसभा उपचुनावों एवं निकाय चुनावों से पहले पार्टी को जमीनी स्तर पर मज़बूत करें।

एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने बताया कि पार्टी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने पश्चिम बंगाल के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान जिला कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों और पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इन बैठकों में हालिया चुनावों के बाद पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की गई और पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई।

इन बैठकों में पश्चिम बंगाल के प्रभारी कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर, पार्टी महासचिव दीपा दासमुंशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, पार्टी सचिव अंबा प्रसाद तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

पार्टी के वरिष्ठ नेता ने बताया कि बैठकों में बूथ स्तर से संगठन को फिर से मजबूत करने और राज्यभर में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘बैठकों में बूथ और प्रखंड स्तर की समितियों को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा उपचुनावों के साथ-साथ नगर पालिका और नगर निगम चुनावों के लिए संगठन को पूरी तरह तैयार करने पर विशेष बल दिया गया।’’

पार्टी ने 21 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस के प्रस्तावित ‘शहीद मीनार चलो’ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की और पार्टी कार्यकर्ताओं से इसमें ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में शामिल होने की अपील की।

पार्टी के नेता ने बताया कि वेणुगोपाल ने प्रदेश इकाई से देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और नौ अगस्त को नयी दिल्ली में होने वाली इसकी समापन रैली के लिए विद्यार्थियों और युवाओं को एकजुट करने का भी आग्रह किया।

भाषा राखी राजकुमार

राजकुमार