नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि और नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारत अपने ‘‘मित्र एवं पड़ोसी देश’’ को हरसंभव सहयोग और सहायता देगा।
सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
तिब्बत की सीमा के निकट मध्य नेपाल के जिलों में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई और करीब 157 लोगों की मौत हो गई, वहीं 133 भारतीय नागरिक समेत 750 से अधिक लोग लापता हो गए।
सिंह ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि और नुकसान से बेहद दुखी हूं। हम प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत अपने पड़ोसी एवं मित्र देश को हरसंभव सहयोग और सहायता देगा।’’
भारत ने बुधवार रात भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के सी-130जे विमान से 10 टन आवश्यक राहत सामग्री और चिकित्सा सामग्री नेपाल भेजी।
सूत्रों ने बताया कि पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई बाढ़ के मद्देनजर मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए राहत सामग्री लेकर भारतीय वायुसेना के मालवाहक विमान ‘सी-17 ग्लोबमास्टर’ के 27 अगस्त को नेपाल रवाना होने की संभावना है।
भाषा
सिम्मी सुभाष
सुभाष