भारतीय एयरलाइन ने 278 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की, आज ही 96 उड़ानों के परिचालन का भी है कार्यक्रम

भारतीय एयरलाइन ने 278 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की, आज ही 96 उड़ानों के परिचालन का भी है कार्यक्रम

भारतीय एयरलाइन ने 278 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की, आज ही 96 उड़ानों के परिचालन का भी है कार्यक्रम
Modified Date: March 6, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: March 6, 2026 10:29 pm IST

दिल्ली, छह मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच सरकार ने कहा है कि घरेलू एयरलाइनों का शुक्रवार को वहां के लिए 96 उड़ानें परिचालित करने का कार्यक्रम है, जबकि एयरलाइनों ने आज 278 अंतरराष्ट्रीय सेवाएं रद्द कर दी हैं।

पश्चिम एशिया की स्थिति के कारण उड़ान परिचालन बाधित हुआ है क्योंकि वहां पाबंदियों के साथ हवाई क्षेत्र भी बंद किया गया है।

कुछ एयरलाइनों ने इस क्षेत्र के लिए सीमित उड़ानें शुरू की हैं, जहां पिछले कुछ दिनों में अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच संघर्ष बढ़ गया है।

नागरिक विमानन मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम एशिया के मौजूदा घटनाक्रम और परिणामस्वरूप हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण कई क्षेत्रों में उड़ान परिचालन प्रभावित हुआ है।

उसने एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय घरेलू एयरलाइन द्वारा आज पश्चिम एशिया के गंतव्यों के लिए कुल 96 उड़ानें निर्धारित थीं। भारतीय घरेलू एयरलाइनों द्वारा आज परिचालित होने वाली 278 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।’’

बाद में एक अन्य बयान में, मंत्रालय ने कहा कि परिचालन व्यवहार्यता और मौजूदा परिस्थितियों में घरेलू एयरलाइनों द्वारा 51 उड़ानें परिचालित करने की योजना है।

बयान में कहा गया है,‘‘पांच मार्च, 2026 के यात्री आवागमन के आंकड़ों से पता चलता है कि भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा परिचालित कुल 40 उड़ानें पश्चिम एशिया क्षेत्र से भारत पहुंचीं, जिनमें 7,205 यात्री सवार थे। अबतक कुल यात्री 14,992 (पश्चिम एशिया से) आये हैं।’’

दिन में इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि शुक्रवार को मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु एवं कोलकाता हवाई अड्डों पर 140 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।

अधिकारियों ने बताया था कि चारों हवाई अड्डों पर कम से कम 142 उड़ान रद्द की गईं, जिनमें से मुंबई हवाई अड्डे 39 प्रस्थान और 34 आगमन उड़ान रद्द की गईं।

बेंगलुरु हवाई अड्डे पर कुल 33 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें 15 प्रस्थान और 18 आगमन उड़ानें थीं। दिल्ली हवाई अड्डे पर 15 प्रस्थान उड़ानें और 14 आगमन उड़ानें रद्द की गयी हैं।

अधिकारियों के अनुसार, कोलकाता हवाई अड्डे पर कुल सात उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिनमें चार प्रस्थान और तीन आगमन उड़ानें थीं।

‘अकासा एयर’ ने कहा कि वह आज मुंबई-जेद्दा-मुंबई उड़ान परिचालित करेगी।

एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि शनिवार को वह मुंबई, अहमदाबाद और कोच्चि से जेद्दा के लिए उड़ानें परिचालित करेगी।

इससे पहले दिन में स्पाइसजेट ने कहा था कि वह संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हुए यात्रियों को वापस लाने के लिए 14 विशेष उड़ानें परिचालित करेगी।

एक सूत्र ने बताया कि एअर इंडिया एक्सप्रेस शनिवार को दुबई, अबू धाबी, शारजाह और रस अल खैमाह (यूएई), मस्कट (ओमान) और जेद्दा (सऊदी अरब) के लिए 43 उड़ानें परिचालित करेगी। इनमें निर्धारित और अनियमित दोनों उड़ानें शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के शहरों से एयरलाइन दिल्ली, मुंबई, कोच्चि और बेंगलुरु के लिए भी सेवाएं प्रदान करेगी।

पश्चिम एशिया के कई अन्य देशों के हवाई क्षेत्र में जारी प्रतिबंधों के कारण एअर इंडिया समूह की पश्चिम एशिया के अन्य स्थानों से आने-जाने वाली निर्धारित उड़ानें 10 मार्च तक निलंबित कर दी गई हैं।

इस बीच, मंत्रालय ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे उड़ान संबंधी नवीनतम जानकारियों पर नजर रखें और अपने पंजीकृत संपर्क विवरणों के माध्यम से संबंधित एअरलाइनों द्वारा साझा की गई सूचनाओं पर ध्यान दें।

भाषा राजकुमार माधव

माधव


लेखक के बारे में