नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) भारतीय सेना की असम रेजिमेंट की एक टुकड़ी, नौसेना का अग्रिम पंक्ति का स्टेल्थ फ्रिगेट ‘आईएनएस तरकश’ और देश में बना सर्वेक्षण पोत आईएनएस इक्षक, 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।
इसके अलावा, भारतीय नौसेना का मार्चिंग दस्ता और नौसेना बैंड भी इस द्वीप-समूह देश के राष्ट्रीय दिवस स्वर्ण जयंती समारोह का हिस्सा होंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस समारोह में ‘विशिष्ट अतिथि’ के तौर पर शामिल होंगे। मोदी अभी सेशेल्स के तीन दिन के दौरे पर हैं। उनका दौरान 27 जून से शुरू हुआ। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ वार्ता भी की।
नौसेना ने बताया कि भारतीय नौसेना का प्रमुख युद्धपोत आईएनएस तरकश, दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी मौजूदा अभियानगत तैनाती के दौरान 26 जून को विक्टोरिया, सेशेल्स पहुंचा।
भारतीय सेना के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि असम रेजिमेंट के 32 जवानों वाली सेना की एक टुकड़ी, जिसकी अगुवाई कैप्टन आर्यन एच. देवलेकर कर रहे हैं, 29 जून को होने वाले समारोह में हिस्सा लेने के लिए तैयार है। सेना ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। समय के साथ, ये संबंध एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी में बदल गए हैं, जिसमें रक्षा सहयोग, विकास, संस्कृति और व्यापार शामिल हैं।
इस संबंध में एक बयान में कहा गया, “भारतीय नौसेना का मार्चिंग दस्ता, जिसके साथ एक मिलिट्री बैंड भी है, इन समारोहों में हिस्सा ले रहा है। यह दोनों देशों के बीच मज़बूत और लंबे समय से चली आ रही रक्षा साझेदारी को दर्शाता है।”
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल