कतर में हुए धमाके में मारे गए 13 लोगों में भारतीय भी शामिल : ऊर्जा मंत्री

Ads

कतर में हुए धमाके में मारे गए 13 लोगों में भारतीय भी शामिल : ऊर्जा मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 08:50 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 08:50 PM IST

दुबई, 22 जून (भाषा) खाड़ी देश कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन शेरिदा अल-काबी ने सोमवार को बताया कि रास लाफ़ान औद्योगिक सिटी में हुए एक धमाके में भारतीय नागरिकों समेत कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई।

‘दोहा न्यूज़’ के अनुसार, कतरएनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अल-काबी ने बताया कि रविवार शाम रास लाफ़ान औद्योगिक सिटी में बरज़ान स्थानीय गैस सप्लाई संयंत्र में हुए धमाके और उसके बाद लगी आग में 66 लोग घायल हो गए।

अल काबी ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान पुष्टि की कि इस घटना में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के 13 लोगों की मौत हो गई। भारतीय मृतकों की सटीक संख्या का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

दोहा में भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह कतर के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और जिन लोगों की जान गई है या जो घायल हुए हैं, उनके परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी।

दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल रात रास लाफ़ान औद्योगिक सिटी में हुई दुखद घटना में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवारों के प्रति हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’’

स्थानीय मीडिया की खबर के अनुसार, घायल लोगों में भारत, कतर, तंजानिया, पाकिस्तान, गिनी, नेपाल, बांग्लादेश, केन्या और नाइजीरिया समेत कई देशों के लोग शामिल हैं।

इससे पहले, भारतीय दूतावास ने इस ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना’’ पर ‘‘गहरी चिंता’’ जताई थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए और कुछ लोग लापता हैं।

दूतावास ने कहा, ‘‘इस मुश्किल और चुनौतीपूर्ण समय में, कतर में भारत का दूतावास और पूरा भारतीय समुदाय कतर की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं और लापता लोगों के सुरक्षित होने की उम्मीद और प्रार्थना करते हैं।’’

भाषा आशीष माधव

माधव