इंडिगो ने पश्चिम एशिया की अपनी उड़ानें स्थगित कीं

Ads

इंडिगो ने पश्चिम एशिया की अपनी उड़ानें स्थगित कीं

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 04:30 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 04:30 PM IST

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) ईरान पर अमेरिका-इजराइल द्वारा किये गए हमले और जवाब में उसके द्वारा विभिन्न देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद पैदा हुई स्थिति के मद्देनजर विमानन कंपनी इंडिगो ने शनिवार को पश्चिम एशिया के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दीं।

इंडिगो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘ ईरान और पश्चिम एशिया के आसपास के हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित किये जाने के मद्देनजर इलाके में आने-जाने वाली सभी उड़ानें भारतीय समयानुसार रात 12 बजे तक रद्द कर दी गई हैं।’’

एक सूत्र के अनुसार, दुबई, जेद्दा, दोहा, अबू धाबी, दम्माम, बहरीन, शारजाह, कुवैत और रस अल-खैमाह से आने-जाने वाली सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

विमानन कंपनी ने कहा कि उसके लिए यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है इसीलिए ये उपाय लागू किए गए हैं।

इसने कहा , ‘‘हमारी टीमें लगातार बदलती स्थिति पर नजर रख रही हैं और व्यवधान को यथासंभव कम करने के लिए परिचालन को पुनर्व्यवस्थित कर रही हैं।’’

इस बीच, एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में उत्पन्न हो रही स्थिति को देखते हुए, उसने पश्चिम की ओर जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को निलंबित कर दिया है।

विमानन कंपनी ने बयान में कहा,‘‘हम बदलती स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और जरूरत के हिसाब से अपने परिचालन की समीक्षा और उसमें बदलाव करेंगे।’’

इससे पहले, एअर इंडिया ने कहा था कि इजराइली हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उसकी दिल्ली-तेल अवीव उड़ान भारत लौट रही है। यह उड़ान मुंबई में उतरेगी।

भाषा धीरज खारी

खारी