केन्द्र सरकार की गलत नीतियों का लाभ जनता के बजाय उद्योगपतियों: पाटिल

Ads

केन्द्र सरकार की गलत नीतियों का लाभ जनता के बजाय उद्योगपतियों: पाटिल

  •  
  • Publish Date - October 31, 2023 / 08:23 PM IST,
    Updated On - October 31, 2023 / 08:23 PM IST

जयपुर, 31 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने मंगलवार को केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसकी गलत नीतियों के कारण जनता के बजाय उद्योगपतियों को लाभ मिल रहा है।

पाटिल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता को लाभ मिलने की बजाय उद्योगपतियों को लाभ मिल रहा है।’’

पाटिल कांग्रेस के राजस्थान मीडिया प्रभारी भी हैं। उन्होंने यहां कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं वे महंगाई से राहत दे रही हैं, सब्सिडी दे रही हैं, किन्तु भाजपा वाले इन्हें रेवड़ियां कहकर जनकल्याण के कार्यों का अपमान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की जनता लाभान्वित है तथा आगामी विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बनेगी।

पाटिल ने कहा कि किसानों का उत्पादन खर्च बढ़ गया किन्तु किसानों की न तो आय दोगुनी हुई और न ही डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) किसानों को मिला है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा राजस्थान की कांग्रेस सरकार के खिलाफ नहीं है इसलिये उसके नेता बौखलाकर बिना किसी जानकारी के अनर्गल आरोप राजस्थान सरकार पर लगाए जा रहे हैं।

भाषा कुंज पृथ्वी राजकुमार