अस्पतालों में आईसीयू बेड की उपलब्धता की जानकारी ‘102’ हेल्पलाइन पर मिलेगी: सरकार

Ads

अस्पतालों में आईसीयू बेड की उपलब्धता की जानकारी ‘102’ हेल्पलाइन पर मिलेगी: सरकार

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 06:52 PM IST

नयी दिल्ली,18 सितंबर (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय को शुक्रवार को बताया गया कि राज्य सरकार के अस्पतालों में गहन चिकित्सा यूनिट (आईसीयू) में बेड की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करने में लोगों की सहायता के लिए एक समर्पित टोल-फ्री नंबर ‘102’ शुरू किया गया है।

दिल्ली सरकार ने न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह और न्यायमूर्ति मनमीत पी एस अरोड़ा की पीठ को बताया कि ‘102’ हेल्पलाइन पर काम करने वाले संचालकों (जो पहले केवल एंबुलेंस संबंधी फोन का जवाब देते थे) को अब सरकारी अस्पतालों में आईसीयू बेड की उपलब्धता से जुड़े डैशबोर्ड तक पहुंच दी गई है।

सरकार की ओर से अदालत में दाखिल रिपोर्ट में कहा गया कि वर्तमान में इस हेल्पलाइन पर 30 संचालक काम कर रहे हैं।

करीब तीन करोड़ आबादी को देखते हुए पीठ ने कहा कि राजधानी के लिए 30 संचालक की संख्या बहुत कम है और अधिकारियों से आंकड़ों का विश्लेषण करने के बाद लाइनों और संचालकों की संख्या बढ़ाने के लिए कदम उठाने को कहा।

अदालत ने कहा, ‘‘वर्तमान में टोल-फ्री हेल्पलाइन के लिए 30 लाइन और 30 संचालक हैं। इस संख्या को बढ़ाने की जरूरत है क्योंकि बताया गया है कि प्रतिदिन कुल 2,200 लोग फोन करते हैं और करीब 500 फोन बीच में ही कट जाते हैं।’’

अदालत ने कहा कि यदि लाइन और संचालक की संख्या बढ़ाने की जरूरत है तो स्वास्थ्य सचिव को सुझाव दिए जा सकते हैं, ताकि आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

भाषा संतोष नरेश

नरेश