स्कूली बच्चों के साथ अमानवीयता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: गुप्ता

स्कूली बच्चों के साथ अमानवीयता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: गुप्ता

स्कूली बच्चों के साथ अमानवीयता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: गुप्ता
Modified Date: August 31, 2026 / 08:41 pm IST
Published Date: August 31, 2026 8:41 pm IST

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के बवाना के एक स्कूल में तीन साल की बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के प्ले स्कूल में एक बच्चे को पीटे जाने की घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने जाफराबाद के मौजपुर स्थित एक निजी डे-केयर एवं प्लेस्कूल में तीन-वर्षीय बच्चे के साथ कथित शारीरिक एवं यौन दुर्व्यवहार को लेकर परिसर को सील करने का निर्देश दिया है।

इसमें कहा गया है कि गुप्ता ने बवाना क्षेत्र में तीन-वर्षीय नर्सरी छात्रा के साथ यौन शोषण की घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले बसकर्मियों की समुचित जांच और निगरानी हो।

स्कूलों और स्कूली बसों में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में केवल प्रत्यक्ष दोषियों पर ही नहीं, बल्कि लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार लोगों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।

गुप्ता ने कहा कि स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों के साथ होने वाला अमानवीय व्यवहार किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद पीड़ादायक है और सरकार ऐसे मामलों में चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएं।

बयान के मुताबिक, जाफराबाद स्थित एक निजी डे-केयर एवं प्लेस्कूल में तीन-वर्षीय बच्चे के साथ कथित शारीरिक एवं यौन दुर्व्यवहार की घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने संबंधित स्कूल को सील करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि गुप्ता के निर्देश पर जिलाधिकारी (डीएम) ने स्कूल परिसर को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके मुताबिक, मामले में पुलिस जांच भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बवाना क्षेत्र में तीन-वर्षीय नर्सरी छात्रा के साथ यौन शोषण की घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा कि स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले बसकर्मियों की समुचित जांच और निगरानी हो।

उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी स्कूली बस के कर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

गुप्ता ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि स्कूलों, डे-केयर केंद्रों और स्कूली परिवहन व्यवस्था में बच्चों की सुरक्षा के लिए तय जिम्मेदारियों का पूरी तरह पालन हो और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मौजपुर के प्ले स्कूल के मामले में परिवार का आरोप है कि बच्चे को कुर्सी से बांधकर रखा जाता था और पीटा जाता था।

सोशल मीडिया पर सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को कथित रूप से कुर्सी से बांधे जाने, कान खींचे जाने और उसके साथ मारपीट होती नजर आ रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कथित मारपीट के सिलसिले में स्कूल के निदेशक, प्रधानाचार्य, एक शिक्षिका और एक केयरटेकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में एक निजी स्कूल में एक बस चालक द्वारा तीन साल की बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया है।

पुलिस ने बताया कि स्कूल की बस चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 19 अगस्त को तब सामने आई जब बच्ची के परिवार ने उसके गुप्तांग पर चोट के निशान देखे। पूछताछ करने पर बच्ची ने अपनी मां को स्कूल के एक ‘बुरे अंकल’ के बारे में बताया जो उसे चॉकलेट दिया करता था।

पुलिस ने बताया कि 24 अगस्त को बच्ची को स्कूल की तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए, जिसके दौरान उसने आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में