इनेलो नेता संपत सिंह ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की

Ads

इनेलो नेता संपत सिंह ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 05:31 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 05:31 PM IST

चंडीगढ़, 28 मई (भाषा) इंडियन नेशनल लोक दल के नेता संपत सिंह ने ईंधन की कीमतों में हाल ही में हुई भारी वृद्धि को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इससे ‘जनता की कमर टूट गई है’।

उन्होंने भाजपा सरकार पर राजनीतिक उद्देश्यों के लिए पेट्रोलियम और गैस का ‘हथियार के रूप में इस्तेमाल’ करने का भी आरोप लगाया।

सोमवार को पेट्रोल की कीमतों में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई और यह दो सप्ताह से भी कम समय में चौथी बढ़ोतरी है।

इस ताजा बढ़ोतरी के साथ 15 मई से अब तक कुल बढ़ोतरी लगभग 7.5 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र और हरियाणा सरकारों पर निशाना साधते हुए सिंह ने यहां पत्रकारों से कहा कि चुनाव नजदीक आने पर ‘कीमतों को जानबूझकर अपरिवर्तित रखा जाता है’ जिससे भाजपा को वोट हासिल करने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि जब कच्चे तेल की दरें 110 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहती हैं तब भी चुनावों के दौरान इसके दाम नहीं बढ़ाए जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘हालांकि, चुनाव समाप्त होते ही जनता पर भारी वित्तीय बोझ पड़ जाता है, भले ही कच्चे तेल की कीमतें बाद में 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से नीचे गिर जाएं।’

भाषा

शुभम नरेश

नरेश