हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 16 अप्रैल (भाषा) हमीरपुर में चिप्स के एक पैकेट के अंदर कीड़े पाए गए जिससे खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गईं और अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को नादौन उपमंडल के गौना इलाके में तब सामने आई जब एक परिवार ने स्थानीय दुकान से खरीदे गए चिप्स का पैकेट खोला और उसके अंदर कीड़े रेंगते हुए देखे।
परिवार ने कहा कि उन्हें इस बात की राहत है कि उन्होंने दो साल के बच्चे के चिप्स खाने से पहले ही कीड़ों को देख लिया था।
पीड़ित परिवार के सदस्य सोनी कुमार ने कहा कि पैकेट पर इसके बनाए जाने की तिथि 19 मार्च और इसका उपयोग करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई अंकित थी, जो यह दर्शाती है कि यह अपनी वैधता अवधि के भीतर था।
दुकानदार ने बताया कि कंपनी ने दो दिन पहले ही सामान की आपूर्ति की थी और घटना के बाद उसने कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
परिवार ने कंपनी प्रबंधन से मांग की कि लापरवाही के इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए।
नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा ने कहा कि इस घटना की जांच करने और उचित कार्रवाई करने के लिए संबंधित विभाग को सख्त निर्देश दिए जाएंगे।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक ने कहा कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और परिवार द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई के लिए चिप्स का नमूना एकत्र किया जाएगा।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश