नियमों के कारण इंस्टाग्राम ने विजय के साथ राहुल गांधी की रील और फोटो पोस्ट को ब्लॉक किया:कांग्रेस

नियमों के कारण इंस्टाग्राम ने विजय के साथ राहुल गांधी की रील और फोटो पोस्ट को ब्लॉक किया:कांग्रेस

नियमों के कारण इंस्टाग्राम ने विजय के साथ राहुल गांधी की रील और फोटो पोस्ट को ब्लॉक किया:कांग्रेस
Modified Date: May 11, 2026 / 09:19 am IST
Published Date: May 11, 2026 9:19 am IST

नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि इंस्टाग्राम ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के नियमों के कारण अभिनेता सह राजनीतिक नेता विजय से जुड़ी राहुल गांधी की उन रील और फोटो पोस्ट को ‘‘ब्लॉक’’ कर दिया है जिसमें वह और विजय साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि सरकारी सूत्रों ने इस आरोप का खंडन किया है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के सूत्रों ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई से उनका कोई लेना-देना नहीं है और यह इसलिए हुआ क्योंकि सोशल मीडिया मंच के आंतरिक सिस्टम ने गलती से पोस्ट को ब्लॉक करने के लिए चिह्नित कर दिया था।

गांधी रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए चेन्नई पहुंचे थे और बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर अभिनेता-नेता के साथ कई तस्वीरें साझा कीं।

कांग्रेस नेता और गांधी के सहयोगी श्रीवत्स ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि इंस्टाग्राम ने ‘‘आज के शपथ ग्रहण समारोह में गांधी और थलपति विजय की तस्वीरों वाली रील और पोस्ट को ब्लॉक कर दिया है’’।

श्रीवत्स ने बताया कि वायरल रील को एक घंटे से भी कम समय में 1.2 करोड़ व्यूज मिल चुके थे, जबकि वायरल तस्वीर पोस्ट 4.6 करोड़ लोगों तक पहुंच चुकी थी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मेटा ने यह नहीं बताया कि उनका अकाउंट क्यों अनुपलब्ध हो गया है। यह ‘गड़बड़ी’ एमईआईटीवाई के नियमों के कारण है! राहुल गांधी के सोशल मीडिया अकाउंट को लंबे समय से नियंत्रित किया गया है। उनकी ‘एक्स’ पर पहुंच, यूट्यूब व्यूज और इंस्टाग्राम फॉलोअर सभी को सीमित कर दिया गया है।’’

श्रीवत्स ने कहा कि इस तरह भारत के विपक्ष के नेता की आवाज को दबाया जा रहा है।

इन दावों का जवाब देते हुए, एमईआईटीवाई के सूत्रों ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया मंच द्वारा यह गलत दावा किया गया है कि विपक्ष के नेता के कुछ पोस्ट को मंत्रालय द्वारा प्रतिबंधित कर दिया गया था।

मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट किया जाता है कि एमईआईटीवाई का इस कार्रवाई से कोई लेना-देना नहीं है। यह मंच के आंतरिक सिस्टम की गलती से पोस्ट को ब्लॉक करने के लिए चिह्नित करने के कारण हुआ था, जिसे अब बहाल कर दिया गया है।’’

भाषा सुरभि संतोष

संतोष


लेखक के बारे में

"दीपक दिल्लीवार, एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 10 साल का एक्सपीरिएंस है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक ऑनलाइन समाचार वेबसाइट से की थी, जहां उन्होंने राजनीति, खेल, ऑटो, मनोरंजन टेक और बिजनेस समेत कई सेक्शन में काम किया। इन्हें राजनीति, खेल, मनोरंजगन, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल और बिजनेस से जुड़ी काफी न्यूज लिखना, पढ़ना काफी पसंद है। इन्होंने इन सभी सेक्शन को बड़े पैमाने पर कवर किया है और पाठकों लिए बेहद शानदार रिपोर्ट पेश की है। दीपक दिल्लीवार, पिछले 5 साल से IBC24 न्यूज पोर्टल पर लीडर के तौर पर काम कर रहे हैं। इन्हें अपनी डेडिकेशन और अलर्टनेस के लिए जाना जाता है। इसी की वजह से वो पाठकों के लिए विश्वसनीय जानकारी के सोर्स बने हुए हैं। वो, निष्पक्ष, एनालिसिस बेस्ड और मजेदार समीक्षा देते हैं, जिससे इनकी फॉलोवर की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। काम के इतर बात करें, तो दीपक दिल्लीवार को खाली वक्त में फिल्में, क्रिकेट खेलने और किताब पढ़ने में मजा आता है। वो हेल्दी वर्क लाइफ बैलेंस करने में यकीन रखते हैं।"